अरबाज ने बॉबी नाम बताकर युवती से की दोस्ती, किया यौन शोषण, धर्मांतरण का बनाया दबाव

बरेली। जनपद के थाना कैंट क्षेत्र मे एक युवती ने युवक के खिलाफ नाम बदलकर दोस्ती व यौन उत्पीड़न करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी व उसके करीबियों पर जबरन धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश का भी आरोप लगाया है। संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है। युवती ने कैंट थाना प्रभारी संजय धीर को बताया कि बारादरी के रोहली टोला निवासी युवक ने अपना नाम बॉबी बताकर एक साल पहले उससे दोस्ती कर ली। दोस्ती के दौरान एक बार दोनों एकांत में मिले तो बॉबी ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया। वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसका यौन शोषण करता रहा। उसे नकटिया के एक घर में पत्नी की तरह रखा और शादी का झांसा दिया। युवती ने आरोप लगाया कि अरबाज ने प्लॉट खरीदने के बहाने उसके सोने के जेवर और चांदी की पायल ले लीं। करीब एक सप्ताह पहले युवती को पता लगा कि बॉबी का असली नाम अरबाज है और वह मुस्लिम है। जब युवती ने उससे इस बारे में पूछा तो अरबाज ने गाली-गलौज की और पिटाई कर दी। युवती ने पुलिस को बताया अरबाज व उसके दोस्त आरिश, बहन सिमरन और बहनोई राजा मिलकर उस पर इस्लाम धर्म कबूल करने का दबाव बना रहे हैं। अरबाज ने उसे बताया कि उनका समूह हिंदू लड़कियों को प्रेमजाल मे फंसाकर इस्लाम कबूल कराता है। ये लोग उसका अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी भी दे रहे है। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि तहरीर के आधार पर धर्म परिवर्तन से जुड़े नए कानून व दुष्कर्म की धारा में मामला दर्ज किया गया है। उप निरीक्षक मानसी चौधरी को इस मामले की जांच सौंपी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *