बरेली। पंजाब मे सप्लाई के लिए झारखंड से लाई गई अफीम और हेरोइन की खेप के साथ एएनटीएफ और किला पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। इनमें से एक तस्कर झारखंड का रहने वाला है। गिरफ्तार किए गए तस्करों में झारखंड के जिला चतरा थाना हंटरगंज के गांव कास डबर निवासी महेंद्र कुमार और बदायूं में थाना वजीरगंज के गांव गोठा निवासी लोकपाल सिंह शामिल हैं। शुक्रवार दोनों तस्करों को दौली रघुवरदयाल गांव को जाने वाली सड़क के पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उनके कब्जे से चार किलो अफीम और 275 ग्राम हेरोइन के अलावा दो मोबाइल व 2140 रुपये बरामद हुए है। पूछताछ मे महेन्द्र कुमार ने बताया कि वह झारखंड के खूंटी क्षेत्र से अफीम खरीदकर लाता था। इस बार वह लोकपाल सिंह के कहने पर हेरोइन भी लेकर आया था। दोनों मिलकर इन मादक पदार्थों को पंजाब और आसपास के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। एनडीपीएस की रिपोर्ट दर्ज कर दोनों तस्करों को जेल भेज दिया गया है।।
बरेली से कपिल यादव
