युवक का अपहरण कर जंगलों में मारी गोली: लोगों की सूचना पर पुलिस ने ट्रामा सेंटर में कराया भर्ती

आगरा। धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना इलाके के पार्वती नदी के जंगलों में आज पेट में गोली लगा हुआ व्यक्ति मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को नाजुक हालत में जिला अस्पताल धौलपुर के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को इसका अपहरण कर आगरा जिले के जगनेर कस्बे से लाया गया था। व्यक्ति की मारपीट कर एवं गोली मारकर अपहरणकर्ता फरार हो गए।
आगरा जिले के जगनेर थाना पुलिस के उप निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया जगनेर कस्बा निवासी 42 वर्षीय उमेश चंद्र पुत्र शिवदयाल का शुक्रवार को कस्बे से अपहरण कर लिया गया था। अपरहण कर्ता व्यक्ति को धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना इलाके के पार्वती नदी के जंगलों में ले आए थे। व्यक्ति के साथ मारपीट कर पेट में गोली मारी है। आरोपी व्यक्ति को मरा समझकर फरार हो गए। उन्होंने बताया घटना की सूचना धौलपुर पुलिस ने दी थी। कंचनपुर पुलिस ने घायल अवस्था में व्यक्ति को जिला अस्पताल धौलपुर के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। उन्होंने बताया घायल के पर्चा बयान लिए हैं। पेट में गोली फसी होने के कारण हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर आगरा रेफर किया है।

अपहरण के शक की सुई पड़ोसी पर

आगरा पुलिस के मुताबिक पीड़ित उमेश चंद्र एवं उसके पड़ोसी में जमीनी विवाद चला रहा था। जमीनी विवाद को लेकर पूर्व में भी दोनों पक्षों में झगड़े हुए थे। पुलिस ने बताया जमीनी विवाद को लेकर पड़ोसी द्वारा अपहरण की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी पीड़ित को धौलपुर जिले के पार्वती नदी के जंगलों में ले गए। जहां बेरहमी से मारपीट कर पेट में गोली मार दी। पीड़ित को मरा हुआ समझकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

– आगरा से योगेश पाठक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।