फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। जिले में अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर खनन विभाग की टीम ने रातभर विशेष अभियान चलाकर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान अवैध मिट्टी और रेत खनन में संलिप्त छह ट्रैक्टर-ट्रॉलियों समेत कुल सात वाहनों को सीज किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त लोगों में खलबली मच गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर खान अधिकारी मनीष कुमार ने 18 नवंबर की रात 10 बजे से 19 नवंबर की तड़के दो बजे तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। करीब चार घंटे तक चली इस कार्रवाई में सीबीगंज और फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्रों में अवैध खनन एवं परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों पर शिकंजा कसा गया। अभियान के दौरान खनन विभाग की टीम ने सीबीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रोठा में अवैध मिट्टी खनन में संलिप्त दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज किया। इसके बाद परसाखेड़ा चौकी क्षेत्र मे कार्रवाई करते हुए अवैध रेत खनन में इस्तेमाल की जा रही तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज किया गया। इस तरह अकेले सीबीगंज थाना क्षेत्र मे पांच वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में भी खनन विभाग की टीम ने कार्रवाई की। यहां अवैध मिट्टी खनन में संलिप्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज किया गया। इसके अलावा बिना वैध आईएसटीपी (खनिज परिवहन प्रपत्र) के खनिज का परिवहन करते पाए जाने पर एक डंपर को भी सीज कर दिया गया। खनन विभाग के अनुसार, विशेष अभियान के तहत कुल छह ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और एक डंपर सहित सात वाहनों को सीज किया गया है।।
बरेली से कपिल यादव
