सप्ताह में सिर्फ 4 दिन बंदर पकड़ रही एजेंसी

बरेली। शहर में बंदरों का आतंक झेल रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद थी,लेकिन बंदर पकड़ने के अभियान में एजेंसी के कर्मचारियों के खुद बनाए नियमों ने परेशानी बढ़ा दी है। मथुरा की एजेंसी के कर्मचारी सोमवार, मंगलवार और शनिवार को बंदर नहीं पकड़ते। धार्मिक आस्था का बहाना बनाकर महज चार दिन ही अभियान चल पा रहा है। शुक्रवार को नगर निगम ने बंदरों को पकड़ने का अभियान चलाया है। नगर निगम के आठ माह बाद शुरू हुए बंदर पकड़ने के अभियान से लोगों को राहत की उम्मीद जगी थी। लेकिन अभियान के सीमित दिनों में चलने से इसकी रफ्तार पर लोगों की टेंशन बढ़ गई हैं। 80 में से 68 वार्डों की करीब आठ लाख आबादी बंदरों के आतंक से परेशान है। कई इलाकों में घरों के आसपास बंदरों के झुंड बैठे रहते हैं और लोगों को आवाजाही के दौरान हमले का डर बना रहता है। शहर में बंदरों की समस्या को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं। इसके बाद नगर निगम ने बंदर पकड़ने के लिए एजेंसी की मदद से अभियान शुरू कराया। शहरवासियों की मांग है कि बंदर पकड़ने का अभियान नियमित रूप से चले। पशु कल्याण अधिकारी डा. हरपाल सिंह का कहना है कि बंदरों को पकड़ने के लिए अभियान लगातार चलाने का प्रयास किया जा रहा है। एजेंसी ओनर को निर्देश दिए गए है। नगर निगम की शिकायत विंडो पर आवारा कुत्तों और बंदरों के आतंक से जुड़ी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इससे शहर में आवारा पशुओं की समस्या की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। बंदरों के हमलों से बुजुर्गों,बच्चों और राहगीरों को खास तौर पर सतर्क रहना पड़ता है। हाल ही में शास्त्रीनगर में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त मनोहर भूषण इंटर कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रवक्ता महेंद्र कुमार सक्सेना को बंदर के पैर मे काटने की घटना भी सामने आई थी। इससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *