फर्जी मार्कशीट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार

बरेली। बारादरी पुलिस ने विभिन्न पाठ्यक्रम की फर्जी डिग्री बनाकर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 27 फर्जी मार्कशीट व प्रमाण पत्र, 11 मुहर, दो मोबाइल, स्कूटी और 8970 रुपये बरामद हुए है। गिरोह में शामिल नोएडा का एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी प्रदीप गंगवार बारादरी की आनंद विहार, आशापुरम कॉलोनी का निवासी है, जो कौशल विकास योजना के अंतर्गत डेस्टिनी एजुकेशन सेंटर संचालित करता है। उसका साथी रामचरण, जो नोएडा सेक्टर-3 में दफ्तर चलाता है, फरार है। पंजाब के संगरूर निवासी राहुल सिंह की शिकायत पर मामले का खुलासा हुआ। राहुल ने रिश्तेदार मोहनलाल के जरिये बीए में एडमिशन के लिए प्रदीप से संपर्क किया था। उसके कहने पर राहुल ने फरवरी और मार्च में दो किस्तों में प्रदीप को 50 हजार रुपये भेजे। मगर प्रदीप ने महाराजा अग्रसेन गढ़वालियन कॉलेज की तीन साल की बीए की मार्कशीट सिर्फ छह महीने में ही राहुल के घर भेज दीं। इतनी जल्दी बीए की मार्कशीट मिलने पर राहुल को शक हुआ तो उन्होंने जांच कराई। इसमें तीनों साल की मार्कशीट फर्जी निकलीं तो राहुल ने प्रदीप से रुपये वापस मांगे लेकिन उसने नंबर ब्लॉक कर दिया। इस पर राहुल ने 21 अक्तूबर को इंस्पेक्टर बारादरी बिजेंद्र सिंह को ई-मेल के जरिये शिकायत भेजी। एसएसआई शिवेंद्र भदौरिया को कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस ने प्रदीप को हिरासत में लिया। पूछताछ में वह संदेह के घेरे में आ गया लेकिन साक्ष्य न मिलने से पुलिस ने उसे परिवार को सौंप दिया। इसके बाद प्रदीप गायब हो गया। उसके भागने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे सर्विलांस सेल की मदद से गुरुवार रात वंश अस्पताल के पीछे रेलवे ग्राउंड के पास से दबोच लिया। उसके कब्जे से मिली स्कूटी को भी सीज कर दी गई। पूछताछ में प्रदीप ने बताया कि वह डेस्टिनी एजुकेशन सेंटर चलाता है, जो कौशल विकास योजना के तहत बच्चों को कोर्स कराता है। इसका स्टडी सेंटर महर्षि दयानंद वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर पवन गुप्ता ने उसे दे रखा है। कोर्स के दौरान कई लोग पिछले वर्षों की बीए समेत अन्य पाठ्यक्रमों की मार्कशीट और डिग्री के लिए उसके संपर्क में आए। इस पर उसने नोएडा के रामचरण से संपर्क किया, जो विभिन्न यूनिवर्सिटी में एडमिशन कराकर मार्कशीट उपलब्ध कराता है। प्रदीप ने बताया कि उसने रामचरण के साथ मिलकर 2026 में राहुल सहित कई लोगों को फर्जी मार्कशीट बनाकर दी थीं। बरामद हुई सभी मार्कशीट व डिग्री भी फर्जी हैं, जिन्हें संबंधित लोगों को डाक से भेजना था। महर्षि दयानंद संस्थान की मार्कशीट और प्रमाण पत्र भी उसने बिना कोर्स कराए फर्जीवाड़ा कर बनवाए थे। प्रदीप की तलाशी में पुलिस को दो मोबाइल और कंधे पर टंगे बैग से हिमालयन गढ़वाल यूनिवर्सिटी, महाराजा अग्रसेन गढ़वालियन, नॉर्थ ईस्ट क्रिश्चियन यूनिवर्सिटी (नागालैंड) और महर्षि दयानंद वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की अलग-अलग लोगों के नाम की 27 फर्जी मार्कशीट व प्रमाण पत्र मिले। ये दस्तावेज बीए, डीसीए, डीएफओ, डीआईएमएस आदि कोर्स से संबंधित हैं। उसके बैग में 11 मुहर और एक इंकपैड भी मिला। मुहरों पर डेस्टिनी एजुकेशन सेंटर, हेमाक्षी एजुकेशन हब, एनआईओएस आदि संस्थाओं के नाम अंकित हैं। आरोपी के पास से 8970 रुपये भी मिले। मोबाइल की व्हाट्सएप चैट में फर्जी मार्कशीट बनाने और रुपयों के लेनदेन की बातचीत के भी साक्ष्य मिले है।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *