दिल्ली मे संदिग्ध हालत मे कुरतरा के युवक की मौत, हत्या का आरोप, मचा कोहराम

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के गांव कुरतरा निवासी एक युवक की दिल्ली मे संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची दिल्ली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। शनिवार को शव गांव पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी समेत परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामले मे कार्रवाई की मांग की है। वही पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है। जानकारी के मुताबिक गांव कुरतरा निवासी धर्मवीर उर्फ कल्लू गंगवार (40) कस्बे के एक ठेकेदार के साथ दिल्ली मे राजमिस्त्री का काम करते थे। सोमवार को कांवड़ चढ़ाने के बाद वह मंगलवार को मजदूरी करने के लिए ठेकेदार की साइट पर दिल्ली चले गए थे। गुरुवार को धर्मवीर निर्माणाधीन भवन की छत पर अन्य मजदूरों के साथ काम कर रहे थे। शुक्रवार सुबह उनका शव पड़ोस की छत पर मुंह के बल पड़ा मिला। अन्य मजदूरों ने इसकी सूचना ठेकेदार को दी। ठेकेदार की सूचना पर दिल्ली के थाना मोतीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। शनिवार को परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के भाई तुलसी गंगवार ने ठेकेदार समेत अज्ञात लोगों ने हत्या करके छत पर फेंकने का आरोप लगाया है। हालांकि परिजनों ने पुलिस को तहरीर नही दी है। इसको लेकर शनिवार को गांव पहुंचे ठेकेदार और परिजनों के बीच काफी गर्मा गर्मी भी हुई है। दिल्ली पुलिस ने परिजनों से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाही करने की बात कही है। तुलसी गंगवार ने बताया वह दसवां संस्कार के बाद दिल्ली जाकर ठेकेदार और अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्यवाही करेंगे। हालांकि सूत्रों की माने तो ठेकेदार और परिजनों के बीच समझौता भी हुआ है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *