नगर निगम अफसरों पर भड़के व्यापारी, बैठक का बहिष्कार

बरेली। जिलाधिकारी कार्यालय में गुरुवार शाम व्यापार बंधु की बैठक में नगर निगम के अफसरों के रवैये से नाराज व्यापारियों ने बहिष्कार कर दिया। व्यापारी बैठक कक्ष से बाहर निकल आए। उनका कहना था कि जब समस्याओं की गंभीरता से सुनवाई और समाधान नहीं होना है तो ऐसी बैठकों का क्या औचित्य है। इसके बाद डीएम अविनाश सिंह ने व्यापारियों को अपने कार्यालय में बुलाया और समस्याएं सुनी। जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर आयुक्त संजीव मौर्य को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बाद एजेंडे में शामिल समस्याओं पर चर्चा की गई। डीएम ने कहा कि व्यापारियों की सबसे अधिक शिकायतें नगर निगम से संबंधित हैं। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि हर माह व्यापारियों के साथ बैठक कर समस्याओं का निस्तारण किया जाए। बैठक में बंटी ठाकुर, रामकृष्ण शुक्ला, सतीश अग्रवाल, राजगोपाल खट्टर, अनुज गुप्ता, सुलभ अग्रवाल, दीपक द्विवेदी, राजकुमार मेहरोत्रा समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। अटका है सीबीगंज कंपाउंडिंग का मामला : भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिला अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने सीबीगंज के व्यापारियों का मुद्दा उठाया। कहा कि बरेली विकास प्राधिकरण ने करीब तीन वर्ष पहले कंपाउंडिंग को लेकर नोटिस जारी किए थे, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो सका है। व्यापारियों को यह भी जानकारी नहीं दी जा रही कि कंपाउंडिंग के लिए कितनी धनराशि जमा करनी होगी। जिलाधिकारी ने बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे से फोन पर वार्ता की और व्यापारियों की समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। स्लॉटर हाउस, अतिक्रमण का मुद्दा गरमाया : व्यापारी नेता विशाल मेहरोत्रा ने विशेषकर स्लॉटर हाउस और अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। सीएम ग्रिड फेज-टू को लेकर भी व्यापारियों ने अपनी चिंताएं सामने रखीं। नगर आयुक्त ने कहा कि अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारियों ने मांग की कि वैध निर्माण और वास्तविक स्थिति का निष्पक्ष आकलन कर व्यापारियों की समस्याओं का भी ध्यान रखा जाए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *