आंवला, फरीदपुर, बहेड़ी, बरेली। एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह ने शनिवार को आंवला तहसील क्षेत्र के सर्वोदय विद्यालय मनौना, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय मनौना, कस्तूरबा गांधी विद्यालय ताड़गंज और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) रामनगर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति के साथ पढ़ाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विद्यालय परिसर में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर एडीएम ने प्रधानाचार्य को एक सप्ताह में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इसके बाद एडीएम ने राजकीय आईटीआई रामनगर का निरीक्षण किया। यहां कई कमियां मिलने पर प्रधानाचार्य को एक सप्ताह में सुधार कर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कमियां दूर होने तक संस्थान के शिक्षकों के वेतन पर रोक लगाने की रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। अनुपस्थित मिली शिक्षिका और शिक्षामित्र : फरीदपुर। शनिवार को एसडीएम विदुषी सिंह अचानक फरीदपुर ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय ओषढ में पहुंची। उन्होंने स्कूल में तैनात इंचार्ज प्रधानाध्यापिका पूजा शर्मा से शिक्षकों का उपस्थिति रजिस्टर तलब किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में छह शिक्षकों की तैनाती पाई गई। जबकि स्कूल में तैनात सहायक अध्यापिका पूजा विश्वास और शिक्षामित्र यशवीर अनुपस्थित पाए गए। सहायक अध्यापिका वंदना वर्मा सीसीएल पर चल रही थीं। स्कूल में बच्चों की संख्या कम होने पर एसडीएम ने बच्चों की उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण किया। स्कूल में 157 छात्र-छात्राओं पर केवल 77 बच्चे उपस्थित थे। अन्य बच्चों के अनुपस्थित होने का कारण प्रधानाध्यापिका नहीं बता सकीं। एसडीएम प्रोड्यूजिंग ने बताया कि मामले की रिपोर्ट डीएम को दे दी गई है। शिक्षकों के अनुपस्थिति रहने की कई दिनों से शिकायत मिल रही थी। आईटीआई मेस में गंदगी जताई नाराजगी : बहेड़ी। एसडीएम गोपाल शर्मा को आईटीआई की मेस में गंदगी का आलम मिला। खराब कंप्यूटर मिले। छात्रों ने शौचालयों में गंदगी की शिकायत की। एसडीएम ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की सख्त हिदायत दी और छात्राओं की सुरक्षा के लिए गर्ल्स हॉस्टल में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। एसडीएम गोपाल शर्मा ने शनिवार को रुड़की स्थित आईटीआई का मुआयना कर छात्रों से सीधा संवाद किया तो छात्रों ने शौचालय गंदा होने की शिकायत की। 0स पर नाराजगी जताते हुए एसडीएम ने शौचालय की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। प्रधानाचार्य ने संस्थान तक आने वाले खराब सड़क को सही कराने को कहा। इस मामले में उन्होंने मंडी सचिव को इस सड़क को बनवाने को कहा। संस्थान में चिकित्सीय सुविधा न होने पर सप्ताह में एक दिन सीएचसी प्रभारी से कैंप लगाने के लिए कहा।।
बरेली से कपिल यादव
