कांवड़ शिविरों मे श्रद्धालुओं की सुविधाओं का रखें ध्यान- डीएम

बरेली। डीएम अविनाश सिंह ने श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भमोरा बाईपास आंवला व लाल फाटक पुल के आगे परशुराम मंदिर के पास स्थित कांवड़ शिविर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने उक्त दोनों शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिविर में पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश, विश्राम, भोजन व सुरक्षा व्यवस्था आदि की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों की लगातार निगरानी की जाए और व्यवस्थाओं का समय-समय पर निरीक्षण करते रहे। उन्होंने स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालु सुगम और सुरक्षित वातावरण में अपनी यात्रा पूरी कर सकें। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। शिविर और कांवड़ मार्ग पर व्यवस्थाएं लगातार दुरुस्त रखी जाएं। किसी समस्या की जानकारी मिलने पर उसका तत्काल समाधान कराया जाए। डीएम ने कांवड़ियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक भी लिया। इस दौरान एसडीएम आंवला, तहसीलदार और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *