नगर आयुक्त ने खराब स्ट्रीट लाइटों की जांच को 28 अफसरों को सौंपे वार्ड

बरेली। शहर की सड़कों और गलियों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की भरमार और जनता से मिल रही शिकायतों पर नगर निगम प्रशासन का चाबुक चला है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने ढिलाई बरतने वाले अफसरों की जवाबदेही तय करने के लिए 28 अधिकारियों को मैदान में उतार दिया है। इन अफसरों को वार्डवार तैनात कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। अपर नगर आयुक्त, संयुक्त नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता समेत नगर निगम के तमाम विभागाध्यक्षों को अलग-अलग वार्डों का जिम्मा सौंपा गया है। नामित अफसर अपने आवंटित क्षेत्रों की गलियों, पार्कों, मुख्य मार्गों, अस्पतालों, सब्जी मंडियों और मलिन बस्तियों का खुद मौका-मुआयना करेंगे। इस दौरान वे क्षेत्रीय जनता से सीधा संवाद कर फीडबैक जुटाएंगे कि शिकायत दर्ज कराने के कितने समय बाद लाइटें ठीक की जाती हैं और हाल में लगी नई लाइटें जल रही हैं या बंद पड़ी हैं। वार्डों में कुल खराब लाइटों के प्रतिशत और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की पूरी रिपोर्ट नगर आयुक्त को रविवार तक सौंपी जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *