बरेली। एसआईबी टीम और पुलिस ने फर्जी बिलिंग और बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) पास ऑन करने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय सिंडीकेट का पर्दाफाश किया है। अपर आयुक्त ग्रेड-2 आशीष निरंजन ने बताया कि नेपाल से संचालित हो रहे इस नेटवर्क में पांच-छह फर्जी फर्मों के जरिए बिना किसी माल के आवागमन के केवल कागजी व्यापार किया जा रहा था। आशीष निरंजन ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया जांच में खुलासा हुआ यह सिंडीकेट ”सर्कुलर ट्रेडिंग” के नए तरीके से काम कर रहा था। इसमें 5-6 फर्जी फर्मों का जाल तैयार किया जाता था। चेन में सबसे ऊपर मौजूद वास्तविक लाभार्थी व्यापारी फर्जी आईटीसी बिल कमीशन देकर खरीदते थे और नकद कर देने से बचते थे। लाभार्थी फर्म दस से बीस लाख रुपये नीचे की बोगस फर्म को बैंक से भेजती थी, जिसे आपस में घुमाकर अंत में नकदी निकालकर वापस लाभार्थी तक पहुंचा दिया जाता था। एसपी के मार्गदर्शन और उपायुक्त अनिरुद्ध सिंह, राज्य कर अधिकारी तारचंद व प्रदीप कुमार की मदद से इस पूरे नेटवर्क को बेनकाब किया गया। गिरफ्तार आरोपी सागर से पूछताछ व बैंक खातों के विश्लेषण से बोगस नेटवर्क की पुष्टि हुई। अपर आयुक्त आशीष निरंजन ने बताया कि इन फर्मों से अब तक पांच करोड़ से अधिक की धनराशि राजकोष में जमा करा ली है, शेष वसूली व अन्य वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।।
बरेली से कपिल यादव
