बरेली। स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत भाजपा बरेली महानगर ने बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में सहकारिता राज्यमंत्री जेपीएस राठौर मुख्य अतिथि रहे। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से वातावरण गूंज उठा। यात्रा का जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति प्रतिवद्धता लोगों में साफ दिखाई दी। युवाओं की विशेष भागीदारी ने कार्यक्रम में और उत्साह भर दिया। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, महापौर डॉ. उमेश गौतम, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, वरिष्ठ नेता दयाशंकर गंगवार, महानगर महामंत्री यात्रा संयोजक डॉ. आदेश गंगवार, महानगर उपाध्यक्ष सह संयोजक डॉ. रामचंद्र मौर्य, जेपीएस पाल, वैभव शर्मा, महानगर महामंत्री राजीव साहनी, विष्णु शर्मा, महानगर उपाध्यक्ष राजकिशोर कश्यप, प्रभुदयाल लोधी, महानगर मंत्री अजय चौहान समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे। आईएमए ने यात्रा का किया स्वागत : बरेली। शहर में आयोजित तिरंगा यात्रा का चौकी चौराहा पर आईएमए के अध्यक्ष डॉ. अतुल श्रीवास्तव एवं डॉ. प्रमेन्द्र माहेश्वरी सहित आईएमए के चिकित्सकों एवं सदस्यों ने स्वागत किया। स्वागत के दौरान कैंट विधायक संजीव अग्रवाल एवं महापौर डॉ. उमेश गौतम का माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। चौकी चौराहा से आईएमए बरेली के पदाधिकारी एवं सदस्य तिरंगा यात्रा के साथ कमिश्नर कार्यालय तक पहुंचे। डॉ. अतुल श्रीवास्तव ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं। डॉ. प्रमेन्द्र माहेश्वरी ने कहा कि तिरंगा हम सभी को एकता, भाईचारे और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संदेश देता है।। विश्वविद्यालय मे निकाली गई तिरंगा यात्रा : बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय में हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पर अतिथियों का स्वागत पौधा देकर किया गया। इसके बाद तिरंगे गुब्बारे उड़ा कर राष्ट्र की समृद्धि और प्रगति की कामना के साथ तिरंगा यात्रा प्रारंभ हुई। तिरंगा यात्रा स्पोट्स कॉम्प्लेक्स से प्रारंभ होकर विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती द्वार स्थित स्वामी विवेकानंद प्रेरणा स्थल तक पहुंची। यात्रा में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के. पी. सिंह, बरेली के मेयर डॉ. उमेश गौतम व विथरी चैनपुर के विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
