कांवड़ यात्रा मार्ग का मंडलायुक्त और डीआईजी ने किया निरीक्षण

बरेली। मंडलायुक्त बरेली शंभू कुमार और डीआईजी अजय साहनी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शुक्रवार को कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। पार्किंग स्थल, रूट डायवर्जन, कंट्रोल रूम, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, यातायात, पेयजल, प्रकाश और चिकित्सा समेत सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी की जाए। डीआईजी ने भमोरा थाना, बरेली और विनावर थाना, बदायूं में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों का निरीक्षण किया। महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती और महिलाओं को जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन सहायता व्यवस्था मजबूत रखने को कहा। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से सतत निगरानी, अराजक तत्वों पर नजर तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। कांवड़ यात्रा में डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने को कहा गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *