बरेली। उर्स एवं कांवड़ यात्रा की मॉनीटरिंग के साथ नवागत मंडलायुक्त शंभू कुमार ने शुक्रवार को मैदान में उतरकर नाथ कॉरिडोर की प्रगति भी जांची। उन्होंने अलखनाथ और त्रिवटीनाथ मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया। साथ ही ठेकेदार को अलखनाथ में बन रहे विश्रामगृह का काम समय से पूरा करने के निर्देश दिए। मंदिरों की साफ-सफाई व्यवस्था सुचारू बनाए रखने की हिदायत दी। कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देश दिए कि जो भी कार्य निर्माणाधीन हैं, उन्हें नवंबर तक पूरा कर लें। गुणवत्ता से कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पर्यटन अधिकारी को निर्माणाधीन कामों के लगातार निरीक्षण करते रहने को कहा। मंडलायुक्त ने बरेली में चल रहे उर्स-ए-रजवी और कांवड़ यात्रा को लेकर ताजा अपडेट लिया। धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाएं बेहतर रखने के निर्देश दिए। बारिश में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को लेकर भी मंडलायुक्त ने अफसरों से जानकारी ली। इस दौरान बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार टीम के साथ उनसे मिले। पीडब्ल्यूडी अफसरों ने भी मुलाकात की। मंडलायुक्त ने बातचीत में कहा कि विकास कार्यों का ताजा अपडेट ले रहे हैं। जल्द ही बैठक कर सरकार की मंशा के अनुरूप कार्यों को गति दी जाएगी। विकास कार्यों की नियमित समीक्षा के साथ गुणवत्ता और समयबद्धता पर फोकस रहेगा। जनसुनवाई केवल शिकायत सुनने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि समस्याओं के स्थायी समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने जनहित से जुड़े अभियानों और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में प्रेस की भूमिका अहम बताई और संवाद मजबूत बनाने की बात कही।।
बरेली से कपिल यादव
