बारिश में कच्ची छत गिरने से तीन घायल, गंभीर घायल को डाक्टरों ने किया रेफर

बिशारतगंज, बरेली। तीन दिन से रुक-रुक कर हो रही बरसात ने मुसीबतें पैदा करना शुरू कर दी। गांव इस्माइलपुर में मंगलवार दोपहर अचानक एक घर की छत गिरने से तीन लोग जख्मी हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। उनमें से एक की हालत गंभीर देखते हुए डाक्टरों ने बरेली रेफर कर दिया गया है। वहीं बरेली में निचले इलाकों में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी। इस्माइलपुर गांव के प्रधान अरविंद कुमार ने बताया कि गांव के ही लखपत के घर में छत पर सीमेंट की पटिया पड़ी हुई थी जिसमें ऊपर छत थी जो मिट्टी की थी। मंगलवार को लखपत, उनका बेटा रितेश 14 वर्ष एवं पड़ोसी मिथुन बैठकर मोबाइल देख रहे थे। अचानक छत गिर गई जिसमें तीनों लोग घायल हो गए सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर लेखपाल और थाना पुलिस पहुंची और उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। बरेली में मंगलवार को मानसून पूरी तरह सक्रिय रहा। दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहे। सुबह हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। इसके बाद रुक-रुककर बारिश का दौर चलता रहा। कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। हवा की गति सामान्य रही, जबकि नमी का स्तर 85 प्रतिशत से अधिक रहने के कारण वातावरण में ठंडक महसूस की गई। मंगलवार को लोग सुबह दफ्तर के लिए निकले ही थे कि झमाझम बारिश ने तरबतर कर दिया। वहीं दोपहर के वक्त कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी बरेली और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। पूरे दिन बादलों और बारिश के कारण लोगों ने गर्मी से राहत का अनुभव किया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *