बरेली। जनपद के थाना प्रेमनगर क्षेत्र की विक्रमादित्यपुरी में लाखों के जेवर और नकदी चोरी करने वाले दो चोरों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी के जेवर खरीदने वाले सर्राफ को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 26 जुलाई को विक्रमादित्य पुरी निवासी रीना ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 जुलाई की रात अज्ञात चोर घर का ताला काटकर घुस गए और जेवरात व नकदी समेट ले गए। सोमवार की देर रात पुलिस कुदेशिया पुल के नीचे संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों भागने लगे। चंपतराय बाग की ओर जाने वाले रास्ते पर वे घिर गए तो पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गुड्डू उर्फ ब्रिटेनिया उर्फ अजय निवासी गोपालनगर, संजयनगर के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा आरोपी इरम नासिर उर्फ बंटू निवासी प्रेमनगर, स्कूटी फिसलने से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर की स्कूटी, 47 सफेद धातु के सिक्के, पीली धातु के तीन जोड़ी कुंडल, एक अंगूठी और एक जोड़ी कंगन बरामद किए हैं। आरोपियों ने बताया कि यह जेवर उन्होंने विक्रमादित्य पुरी के एक घर से 26 जुलाई को चोरी किया था। सर्राफ को बेचते थे चोरी का : जेवर दोनों आरोपियों ने बताया कि चोरी का माल वे संजयनगर निवासी सर्राफ राकेश कुमार को बेचते थे। वह उस जेवर को गला दिया करता था। पुलिस ने सर्राफ राकेश को भी गिरफ्तार कर लिया।।
बरेली से कपिल यादव
