बरेली। उर्स-ए-रजवी में देश-विदेश से आने वाले जायरीन की सुविधा और सुरक्षा को लेकर दरगाह आला हजरत की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां) व सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी (अहसन मियां) के निर्देशन में 1500 रजाकारों की टीम गठित की गई है, जो तीनों दिन 24 घंटे विभिन्न स्थलों पर व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेगी। दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि रजाकारों की पूरी टीम सय्यद आसिफ मियां के नेतृत्व में कार्य करेगी। सभी स्वयंसेवकों को आठ-आठ घंटे की शिफ्टों में तैनात किया गया है। उन्हें परिचय पत्र वितरित कर दिए गए है। रजाकारों की तैनाती दरगाह परिसर, इस्लामिया मैदान, रेलवे जंक्शन, सेटेलाइट बस अड्डा, रोडवेज, कुतुबखाना, चौपला, किला, बिहारीपुर, नावेल्टी, कुमार सिनेमा, अय्यूब खान चौराहा सहित प्रमुख स्थानों पर रहेगी, ताकि जायरीन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उर्स के दौरान मंच संचालन और धार्मिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी मुफ्ती अकिल रजवी, मुफ्ती सलीम नूरी बरेलवी, मुफ्ती सय्यद कफील हाशमी और मुफ्ती अय्यूब नूरी की निगरानी में रहेगी। संचालन कारी यूसुफ रजा संभली करेंगे। प्रशासनिक व्यवस्था हाजी जावेद खान, दरगाह परिसर व मजार शरीफ की व्यवस्था अब्दुल माजिद की टीम संभालेगी। इस बीच दरगाह पर चादर पेश करने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। सज्जादानशीन की अपील पर रहपुरा चौधरी से 108 फूलों की डलियों का जुलूस बिना डीजे के दरगाह पहुंचा, जहां अकीदतमंदों ने मुल्क की खुशहाली के लिए दुआ की। आज लगेगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर : उर्स-ए-रजवी के उपलक्ष्य में रविवार को ईदगाह गेट हुसैन बाग में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। जिसमें विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां की सरपरस्ती में सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होने वाले शिविर में मरीजों को निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, दवाइयां, खून की जांच और जरूरतमंदों के लिए निशुल्क ऑपरेशन के पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर का आयोजन मरकज-ए-अहले सुन्नत वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष मोहसिन हसन खान की ओर से किया जा रहा है।।
बरेली से कपिल यादव
