बरेली। जनपद के बीसलपुर रोड पर हरुनगला स्थित महेशनाथ हास्पिटल का पंजीकरण निलंबित कर संचालन पर रोक लगा दी गई है। सिटी मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में बनी चार सदस्यीय समिति ने पीलीभीत के बिलसंडा की रूबी की इलाज के दौरान लापरवाही से मौत के मामले में अस्पताल प्रबंधन को दोषी पाया है। समिति की रिपोर्ट पर सीएमओ ने तुरंत अस्पताल संचालन पर रोक लगा दी है। पीलीभीत के बिलसंडा के सतीश वर्मा ने 25 जून को डीएम से शिकायत की थी कि उनकी पत्नी रूबी की अस्पताल मे इलाज के दौरान लापरवाही से मौत हो गई है। डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर, डिप्टी सीएमओ और स्त्री रोग विशेषज्ञ महिला चिकित्सालय की जांच समिति बनाई थी। समिति ने जांच में पाया कि अस्पताल सीएमओ कार्यालय में पंजीकृत है और 12 मई 2030 तक वैध है। अस्पताल के मालिक दीपक प्रकाश पटेल हैं। अस्पताल में डा. मोहित विश्वास फुल टाइम और डा. बलविंदर सिंह, डा. रिषी अग्रवाल, डा. गोपाल कृष्ण, डा. अर्जना कंसल्टेशन मेंबर के रूप में पंजीकृत है। इसके अलावा ममता राजपूत एएनएम, मो. राशिद ओटी टेक्नीशियन के रूप में पंजीकृत हैं। महिला की मौत के मामले में डिप्टी सीएमओ डा. अमित कुमार ने 27 जून को अस्पताल का निरीक्षण किया था तो कर्मचारियों ने कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं उपलब्ध कराए थे। इस पर अस्पताल के आइसीयू को सील कर दिया गया था। समिति के समक्ष रूबी के पति सतीश वर्मा ने बयान दिए। अस्पताल संचालक एवं प्रबंधक ने दो जुलाई को समिति को बयान दिए तो बताया कि रूबी का इलाज डाॅ. दीपू यादव, डाॅ. अनिल कुमार सिंह, डाॅ. सर्वेश ने किया। प्रबंधक ने इलाज करने वाले डाॅक्टरों के बयान चार जुलाई तक देने को कहे थे, लेकिन कोई नही आया। इस पर सीएमओ ने 24 से 25 जून की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने के निर्देश प्रबंधक को दिए थे लेकिन नहीं उपलब्ध कराई। समिति ने अस्पताल पंजीकरण की पत्रावली देखी तो पाया कि प्रबंधक ने जिन डाक्टरों के नाम बताए हैं, वह अस्पताल में पंजीकृत ही नहीं हैं। इस पर समिति ने पाया कि अस्पताल में रूबी की मौत इलाज में लापरवाही से हुई है। समिति ने अस्पताल का पंजीकरण निलंबित करते हुए तत्काल संचालन पर रोक लगाने की संस्तुति की। समिति ने अपनी रिपोर्ट डीएम को भेजी। समिति की रिपोर्ट पर सीएमओ ने प्रबंधक को पत्र जारी कर अस्पताल का पंजीकरण निलंबित कर संचालन पर रोक लगाने का आदेश दिया। डिप्टी सीएमओ डाॅ. अमित कुमार ने बताया कि अस्पताल के संचालन पर रोक लगा दी गई है।।
बरेली से कपिल यादव
