बहेड़ी, बरेली। जनपद के थाना बहेड़ी क्षेत्र मे नैनीताल हाईवे पर टोल प्लाजा से कुछ दूरी पर एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो डाला था। वीडियो में उसने अपने परिवार के लिए जान देने की बात कही है। थाना क्षेत्र के गांव नवायल निवासी राजीव गंगवार (38 वर्ष) ने दोपहर दो बजे इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा किया। वीडियो में उसने बताया कि उसकी मां उसे नहीं समझती और उसकी कोई बात नहीं मानती। उसने यह भी स्पष्ट किया कि यह मामला किसी लड़की से जुड़ा नही है। राजीव ने कहा कि वह अपने परिवार के लिए अपनी जान दे रहा है। उसने मुड़िया टोल प्लाजा से थोड़ा आगे अपना शव मिलने की जानकारी भी दी। इसके बाद उसने कोई नशीला पदार्थ खा लिया और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि मृतक की ठोड़ी पर हल्की चोट का निशान है। प्रथम दृष्टया यह जहरीला पदार्थ खाने का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
