बिजली कटौती को लेकर व्यापारियों ने मुख्य अभियंता को दिया ज्ञापन

बरेली। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल बरेली के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिलाध्यक्ष सुरेंद्र रस्तोगी के नेतृत्व में विद्युत निगम के नवागत मुख्य अभियंता एके सिंह से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन दिया। ज्ञापन के माध्यम से सभी ने शहर की बदहाल विद्युत व्यवस्था, अघोषित बिजली कटौती और अन्य समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने पांच जुलाई को वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन की प्रति भी मुख्य अभियंता को सौंपते हुए संगठन की मांगों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष सुरेंद्र रस्तोगी ने दोहना से बरेली आने वाली 33 केवी लाइन के बार-बार क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि लाइन खराब होने पर 12 से 14 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, इसलिए इसे भूमिगत कराया जाए ताकि हल्की हवा या अन्य कारणों से बार-बार होने वाली लंबी कटौती से लोगों को राहत मिल सके। महानगर महामंत्री एवं पार्षद मुकेश सिंघल ने बाजारों में झूलते बिजली के तार, खुली लाइनें और सड़कों के बीच खड़े विद्युत पोलों की समस्या उठाई। उन्होंने व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे व शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक पीक आवर्स में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। व्यापारियों ने पीक समय में उपकेंद्रों पर उपखंड अधिकारी और अवर अभियंता की अनिवार्य मौजूदगी की मांग की। मुख्य अभियंता अखिलेश कुमार सिंह ने अधीक्षण अभियंता नगर धर्मेंद्र सिंह को शहर की विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए व्यापारियों के समक्ष ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महानगर अध्यक्ष सुधीर गोयल, जिला महामंत्री संजय आनंद, महानगर महामंत्री मुकेश सिंघल एवं सिराज अली, युवा महानगर अध्यक्ष मनीष रस्तोगी, युवा जिला महामंत्री मनीष बंसल, महिला महानगर अध्यक्ष बबीता रेकीवाल समेत अन्य रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *