बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। नगर पंचायत क्षेत्र मे मूलभूत सुविधाओं की बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। कस्बे के कई मोहल्लों में सड़कें टूटी हुई है। नालियां जाम हैं और गंदगी फैली हुई है, जिससे निवासियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बरसात का मौसम शुरू होने के साथ ही स्थिति और बिगड़ गई है। लोधीनगर स्टेशन रोड पर घुंघरू वाले बाबा मंदिर जाने वाला मार्ग और सभासद अबोध सिंह की लकड़ी की टाल के पास सहित कई क्षेत्रों में सड़कें गहरे गड्डों में बदल गई है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इन रास्तों पर राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। बारिश के दौरान गड्डों में पानी भर जाने से यह समस्या और गंभीर हो जाती है। सभासद और क्षेत्रवासियों का आरोप है कि उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन को कई बार शिकायतें दी है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नही की गई है। उनका कहना है कि कागजों में सफाई अभियान चलाए जा रहे है जबकि जमीनी हकीकत चिंताजनक बनी हुई है। नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। जगह-जगह कूड़े के ढेर और दुर्गंध से स्थानीय लोगों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। व्यापारी सचिन चौहान ने बताया कि खराब सड़कों और गंदगी के कारण बाजार में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हुई है। जिससे व्यापार पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल सड़कों की मरम्मत कराने, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि फतेहगंज पश्चिमी को इस बदहाली से राहत मिल सके।।
बरेली से कपिल यादव
