रोडवेज वर्कशाप की दीवार का विवाद निपटा,अधिकारियों की हस्तक्षेप से निर्माण शुरू

बरेली। रोडवेज वर्कशॉप की गिरी हुई दीवार को लेकर पिछले कई दिनों से चला आ रहा विवाद आखिरकार समाप्त हो गया है। प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू करा दिया गया है। अब दीवार का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है और बुधवार तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। दरअसल रोडवेज वर्कशॉप की दीवार पिछले महीने क्षतिग्रस्त होकर गिर गई थी। इसके बाद परिवहन निगम की ओर से नई दीवार के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई। हालांकि निर्माण कार्य शुरू होते ही कुछ लोगों ने संबंधित भूमि को नगर निगम की संपत्ति बताते हुए आपत्ति दर्ज करा दी थी। विरोध के चलते निर्माण कार्य रोकना पड़ा था। मामले की सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम और बारादरी पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन उस समय भी विवाद का समाधान नहीं हो सका। इसके बाद नगर निगम के अधिकारियों ने पूरे मामले से नगर आयुक्त और मंडलायुक्त को अवगत कराया। भूमि संबंधी विवाद बढ़ने पर प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू की गई। पिछले दिनों प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और दोनों पक्षों की स्थिति को समझा। जांच और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य को हरी झंडी दे दी गई। इसके बाद सोमवार से दीवार का निर्माण दोबारा शुरू कर दिया गया। एआरएम अरुण कुमार वाजपेई ने बताया कि दीवार निर्माण को लेकर जो विवाद था। वह अब पूरी तरह समाप्त हो चुका है। निर्माण कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है और निर्धारित समय के भीतर इसे पूरा कर लिया जाएगा। परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यदि मौसम अनुकूल रहा तो बुधवार तक दीवार पूरी तरह तैयार कर ली जाएगी, जिससे वर्कशॉप परिसर की सुरक्षा व्यवस्था फिर से मजबूत हो जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *