ससुराल पहुंची दुल्हन तो शादीशुदा निकला पति, 10 पर मुकदमा दर्ज

हाफिजगंज, बरेली। शादी के बाद ससुराल पहुंची दुल्हन को पति की दूसरी शादी होने का पता चला तो उसके होश उड़ गए। सच्चाई सामने आने के बाद पति और ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। घटना की रिपोर्ट एसएसपी के आदेश पर विवाहिता की ओर से पति समेत 10 लोगों के खिलाफ थाना हाफिजगंज में दर्ज कराई गई है। हाफिजगंज थाना क्षेत्र के ग्रेम गांव निवासी शिवानी का विवाह 25 मई 2025 को इज्जतनगर थाना क्षेत्र के कर्मचारी नगर निवासी सचिन उर्फ सत्यपाल के साथ हुआ था। विवाह में उसके मायके वालों ने 20 लाख रुपये खर्च किए थे। पहली विदाई के बाद जब वह ससुराल पहुंची तो पता चला कि जो मकान उसके पति का बताया गया था, वह भी उसकी बहन का है। उसके पति की यह दूसरी शादी है। उसने ससुराल वालों से जानकारी की तो वह उससे दुर्व्यवहार कर मारपीट करने लगे। विवाहिता का आरोप है कि एक बार उसे जान से मारने के इरादे से छत से नीचे फेंक दिया गया। इससे उसे गंभीर चोटें आईं और अस्पताल में उपचार कराना पड़ा। इसे भी उसने बर्दाश्त कर लिया लेकिन बाद में हालात नहीं बदले तो वह अपने मायके चली आयी। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि विवाहिता की शिकायत पर पति समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला ने पुलिस से की पति की शिकायत : हाफिजगंज। स्थानीय थाना क्षेत्र की महिला ने अपने पति के खिलाफ थाने में शिकायती पत्र सौंपा। उसने आरोप लगाया कि उसका पति उससे अप्राकृतिक शारीरिक संबंध बनाता है। इसका विरोध करने पर वह पिटाई करता है। शराबी पति से आजीज आकर उसने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। हाफिजगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने बताया कि उसका विवाह 20 अप्रैल 2026 को गांव के ही युवक के साथ हुआ था। शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक ठाक रहा, लेकिन बाद में पति का व्यवहार बदल गया। आरोप है कि पति शराब पीकर घर आता था और उससे अभद्रता व मारपीट करने लगा। वह उसकी इच्छा के विरुद्ध अप्राकृतिक संबंध बनाता है। जब वह इसका विरोध करती है तो वह उससे मारपीट करता है। आरोप है कि पति उस पर उसके दोस्तों के साथ संबंध बनाने का दबाव डालता है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच कराई जा रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *