Breaking News

मुर्गों की लड़ाई पर दांव लगाते छह लोग गिरफ्तार, सात मुर्गे भी पकड़े

भोजीपुरा, बरेली। जनपद के थाना भोजीपुरा क्षेत्र के ग्राम सेदपुर एयरोला मे मुर्गों की लड़ाई को लेकर चल रहा हार-जीत का खेल उस समय थम गया जब पुलिस ने अचानक छापा मार दिया। मुर्गों की फड़फड़ाहट और बाजी लगाने वालों की आवाजों के बीच पहुंची पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कुछ आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से सात लड़ाकू मुर्गे भी अभिरक्षा में लिए हैं। मौके से 2910 रुपये बरामद किए गए है। थाना भोजीपुरा प्रभारी केबी सिंह ने बताया कि थाना पुलिस को सूचना मिली कि सोमवार शाम सैदपुर प्यारेलाल गांव स्थित आम के बाग में मुर्गा लड़ाई कर बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर दरोगा रंजीत कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी भाग निकले। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों मे मकसूद खां, अख्तर खां, साजिद, पप्पू, तेजपाल और भुलइया शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। साजिद का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही जुए मे लगी 2910 रुपये की नगदी भी बरामद की गई है। पुलिस ने मौके से सात लड़ाकू मुर्गे भी अभिरक्षा मे लिए हैं। चूंकि कार्रवाई मे इनका जिक्र होने की वजह से ये भी माल मुकदमा हो गए हैं लेकिन इनको थाने में ज्यादा समय रख पाना संभव नहीं हो पा रहा है। मुर्गे थाने मे इधर से उधर धमाचौकड़ी कर रहे हैं और गंदगी भी फैला रहे है। इंस्पेक्टर केबी सिंह ने बताया कि मुर्गों के असली मालिक कार्रवाई के दौरान भाग गए थे। अब गांव के किसी प्रबुद्ध व्यक्ति या प्रधान को इन मुर्गों को सुपुर्दगी में दिया जाएगा। इनको सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी तय होगी ताकि कार्रवाई के दौरान जरूरत के समय इन्हें पेश किया जा सके।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *