शिक्षामित्रों ने जून मे मानदेय देने पर दिया जोर, सीएम के जन्मदिन पर वृक्षारोपण करेंगे प्रदेश के शिक्षामित्र

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत लगभग 1.42 लाख शिक्षामित्रों को जून में गर्मी की छुट्टियों मे स्कूल बंद होने से मानदेय नही मिलता है। राजधानी में मंगलवार को हुई उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ की प्रांतीय बैठक में इसकी तरफ सरकार का ध्यान आकृष्ट किया गया। शिक्षामित्रों ने कहा कि सरकार जल्द जून के मानदेय के संकट को हल करे। प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार शुक्ला ने कहा कि आदेश के बाद भी शिक्षामित्रों की मूल विद्यालय वापसी और महिला शिक्षामित्रों को उनके ससुराल के पास जिलों में तबादला नही हो रहा है। इसका जल्द समाधान निकाला जाए। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ 5 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेश भर मे वृक्षारोपण करेगा। मंगलवार को संघ के प्रांतीय बैठक मे मानदेय मे की गई वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए आभार जताया गया। संघ के प्रदेश संगठन मंत्री कौशल कुमार सिंह ने बताया कि बैठक मे एमएलसी अवनीश कुमार सिंह समेत प्रदेश के सभी प्रांतीय पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, जिलाध्यक्ष और जिला महामंत्री मुख्य रूप से शामिल हुए। इस दौरान एमएलसी अवनीश कुमार ने शिक्षामित्रों को सरकार के द्वारा हर संभव मदद एवं शेष समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया। साथ ही कहा कि शिक्षामित्रों की मूल विद्यालय वापसी और महिला शिक्षामित्रों को उनके ससुराल के निकट जिलों मे ट्रांसफर करने का आदेश शीघ्र कराया जाएगा। बैठक मे संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार शुक्ला, सुशील यादव, श्याम लाल यादव, जगवीर भाटी, राजेंद्र सिंह पचेरा, ऋषि पाल सिंह यादव, संजय शर्मा, पंकज सिंह, हरिनाम सिंह आदि मौजूद थे।।

लखनऊ से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *