माल भाड़ा बढ़ने से फल-सब्जियां महंगी, निर्माण सामग्री की कीमतों मे भी उछाल की आशंका

बरेली। जनपद मे ईधन की कीमतों मे वृद्धि की वजह से ट्रांसपोर्टरों ने माल भाड़ा बढ़ा दिया है। इससे दूसरे राज्यों व जिलो से आने वाला माल महंगा हो गया है। फल-सब्जियों की कीमतें बढ़ गई हैं। रेत-बजरी की कीमतों में भी उछाल की आशंका जताई जा रही है। इसका सीधा असर उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा। डेलापीर मंडी में रोज 50 ट्रकों से फलों व सब्जियों की आवक होती है। मंडी के आढ़ती सलीम खान व शुजाउर रहमान ने बताया कि प्याज की जो गाड़ी मध्य प्रदेश से 35 हजार रुपये में आती थी, अब उसका किराया 49 हजार रुपये हो गया है। कश्मीर से 92 हजार रुपये में आने वाले फलों की गाड़ियों का भाड़ा अब 1.20 लाख रुपये हो गया है। दिल्ली से आने वाली गाड़ियों पर करीब एक हजार रुपये का अंतर आ रहा है। नतीजा, फलों सब्जियों की कीमत में पांच से सात रुपये प्रति किलो तक की वृद्धि हो गई है। ट्रांसपोर्टर अभी और किराया बढ़ाने की बात कह रहे हैं। ऐसा हुआ तो महंगाई और बढ़ेगी। उत्तराखंड के बाजपुर व किच्छा से बजरफुट व रेत लेकर आने वाले ट्रकों के किराये में भी वृद्धि हुई है। वाजपुर से बरेली होते हुए शाहजहांपुर, पीलीभीत, बदायूं तक बजरफुट व रेत की आपूर्ति की जाती है। शाहजहांपुर तक के किराये में दो हजार रुपये की वृद्धि हुई है। हालांकि, अभी रिटेल मंडी में बजरफुट के दामों में कोई खास वृद्धि नहीं हुई है। ट्रांसपोर्टर रामकृष्ण शुक्ला का कहना है कि बाजपुर से बरेली या शाहजहांपुर की ट्रिप में हजार-डेढ़ हजार रुपये का नुकसान हो रहा है। गर्मी की छुट्टी में अगर आप नैनीताल, हरिद्वार, मनाली, देहरादून समेत अन्य जगह घूमने का प्लान बना रहे है तो इस बार आप को अतिरिक्त रकम खर्च करनी पड़ेगी। ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी की वजह से जिले की ट्रैवल एजेंसियों ने किराया बढ़ा दिए है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *