मीरगंज, बरेली। जमीन के विवाद मे वृद्ध रिटायर्ड फौजी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से छोटे भाई पर गोली चला दी। गोली लगने से छोटा भाई एवं पास में खड़ी फौजी की पत्नी घायल हो गईं। घायल पत्नी को गभीर हालात में सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया। पुलिस ने फौजी को हिरासत में ले लिया है। खमरिया आजमपुर के मंगलीसेन के तीन पुत्र हैं। मंगली सेन के बड़े पुत्र रिटायर्ड फौजी सियाराम निवासी खमरिया आजमपुर का जमीन को लेकर काफी दिनों से छोटे भाई त्रिमोहन से विवाद है। मंगलवार सुबह 10:30 बजे त्रिमोहन पुत्र मंगलीसेन हाल निवासी मोहल्ला ललितपुरी मीरगंज जाम गांव के चौराहे के पास खेत की जुताई कर रहे थे। बारिश होने पर त्रिमोहन ट्रैक्टर अपने मकान मे खड़ाकर बाइक से मीरगंज जा रहे थे। जाम चौराहे पर वे बाइक रोककर लोगों से बातचीत करने लगे। इसी दौरान रिटायर्ड फौजी सियाराम पुत्र मंगलीसेन पत्नी नरायनी देवी के साथ स्कूटी से जाम चौराहे पर पहुंचे। त्रिमोहन का आरोप है कि सियाराम जमीन बंटवारे को लेकर गाली गलौच करने लगे। नरायनी देवी पति और देवर मे बीच बचाव करने लगी। सियाराम ने लाइसेंसी बंदूक से छोटे भाई त्रिमोहन पर अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी। गोली नरायनी देवी के हाथ मे लगी। त्रिमोहन के हाथ मे भी छर्रे लगे। घायल त्रिमोहन गांव की ओर भाग गए। असदनगर के व्यक्ति ने इसकी 112 को सूचना दी। घायल त्रिमोहन एवं नरायनी देवी को पुलिस सीएचसी ले गई। सीएचसी से नरायनी देवी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने त्रिमोहन की तहरीर पर सियाराम पर मुकदमा दर्ज किया। घायल त्रिमोहन ने बताया कि बड़े भाई पर दस बिस्वा जमीन ज्यादा है। मेरे तीन भाई है। हम बड़े भाई से दस बिस्वा जमीन के तीन हिस्से करने को कह रहे है। बताया कि फौजी उस जमीन मे मुझे व दूसरे भाई को हिस्सा नही दे रहे हैं। एसओ संजय तोमर ने बताया कि दस बिस्वा जमीन के विवाद मे अस्सी साल के रिटायर्ड फौजी ने लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। फौजी की पत्नी और उनका भाई घायल हो गए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर फौजी को हिरासत में ले लिया है।।
बरेली से कपिल यादव
