फरीदपुर, बरेली। जनपद के थाना फरीदपुर मे अधिवक्ता को थप्पड़ मारने से नाराज वकील अंडरट्रेनी सिपाही को हटाने पर अड़े थे। एसएसपी अनुराग आर्य ने सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है। फरीदपुर के लाइन पार मठिया निवासी प्रमोद यादव का पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद कानूनगोयान मोहल्ले के उनके साले ओमेंद्र यादव ने प्रमोद को घर मे घुसकर पीटा। प्रमोद थाने पहुंचे तो उनका साला ओमेंद्र अपने साथियों के साथ थाने पहुंच गया। मामले की सुनवाई इंस्पेक्टर क्राइम चमन सिंह भड़ाना कर रहे थे। तभी प्रमोद की अपने साले से नोंकझोक होने लगी। इस दौरान पास मे खड़े अंडरट्रेनी सिपाही हरेंद्र ने अधिवक्ता प्रमोद को थप्पड़ मार दिया। प्रमोद ने सूचना सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय यादव एवं पूर्व अध्यक्ष प्रवीण सिंह भदौरिया को दी तो तमाम अधिवक्ता थाने पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। सीओ ने दोषियों पर कार्रवाई करने का भरोसा देकर अधिवक्ताओं को शांत किया। अधिवक्ता प्रमोद यादव की तहरीर पर पुलिस ने उनके साले ओमेंद्र समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया। सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रवीण सिंह भदौरिया एवं वर्तमान अध्यक्ष अजय यादव दोषी सिपाही को हटाने की मांग की थी। इस पर एसएसपी अनुराग आर्य ने शनिवार को सिपाही हरेंद्र को लाइन हाजिर कर दिया है।।
बरेली से कपिल यादव
