फूलों की होली और कलर मेडिटेशन ने दिया दिव्य अनुभव
बरेली। बीइंग स्पिरिचुअल फाउंडेशन द्वारा आयोजित “होली महोत्सव 2026” रविवार को फाउंडेशन कार्यालय में आध्यात्मिक वातावरण के बीच हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की विशेष थीम — “जब रंग नहीं, भाव बोलेंगे… जब गुलाल नहीं, फूल बरसेंगे…” — ने उपस्थित जनों को एक अनूठा और दिव्य अनुभव प्रदान किया। आयोजन की शुरुआत कलर मेडिटेशन से हुई, जिसमें आध्यात्मिक गुरु डॉ धर्मेंद्र कुमार द्वारा प्रतिभागियों ने रंगों की सकारात्मक ऊर्जा के माध्यम से आंतरिक संतुलन और मानसिक शांति का अनुभव किया। इसके बाद भजन गायक आशीष जौहरी द्वारा संगीतमय फूलों की होली ने पूरे परिसर को भक्ति, प्रेम और आनंद से सराबोर कर दिया। फूलों की वर्षा और भजनों ” आज ब्रज में होली है रसिया और होली आयी रे कन्हाई ” मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु भाव-विभोर दिखाई दिए। आध्यात्मिक गुरु एवं संस्थापक डॉ धर्मेंद्र कुमार ने कार्यक्रम में सादगी और सात्त्विकता का विशेष ध्यान रखा तथा अतिथियों के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था भी की। संवाद स्टूडियोज़ एवं आध्यात्मिक दर्पण के स्नेहिल संचालन में संपन्न इस आयोजन में बड़ी संख्या में परिवारों और श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। अंत में मीडिया प्रभारी आशीष जौहरी ने सभी उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रेम, शांति और अध्यात्म के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम का संचालन अभय गुप्ता ने किया। इस अवसर पर सुमित्रा देवी, सुमन रानी, यथार्थ सिंह, नीति सिंह, सौरभ चौहान, अंतेश, संजीव त्यागी, ममता त्यागी, रामवीर सिंह, रेशम सिंह, बृजेश, मयंक गुप्ता, नीतेश, सुरजीत, रजनीश एवं कार्तिक आनंद आदि उपस्थित रहे।
