बरेली। भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन शहर विधानसभा क्षेत्र मे किया। इसका शुभारंभ सहकारिता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर और वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ अरुण कुमार ने महर्षि कश्यप चौक से किया। इस दौरान काफी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने भारत माता की जयघोष से शहर के तमाम रास्तों को गुंजायमान कर दिया। तिरंगा यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। प्रदेश सरकार के सहकारिता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने कहा कि भारत देश का प्रत्येक नागरिक देश की सेवा के जज्बे के साथ मजबूती से खड़ा है और सेना के शौर्य की सराहना करता है। पहलगांव में धर्म पूछकर 27 निर्दोष हिंदुओं की हत्या की गई। उसी का बदला लेने के लिए ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सैनिकों ने आतंकियों के ठिकानों को नष्ट कर दिया। वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. अरुण कुमार ने कहा कि जिस जोश के साथ तिरंगा यात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ है। वह इस जज्बे को सलाम करते है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान को धूल चटाने का काम किया है। सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि तिरंगा यात्रा मे जिस तरह से भीड़ उमड़ी है उसे देखकर सभी में जोश है और भारत माता की जय के नारे गूंज रहे हैं। महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने तिरंगा यात्रा में शामिल हुए सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। तिरंगा यात्रा का संजय नगर, होली चौराहा, त्रिमूर्ति चौराहा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर गुलशन आनंद, योगेश पटेल, एससी एसटी आयोग के सदस्य उमेश कठेरिया, प्रभु दयाल लोधी, पूरनलाल लोधी, श्रुति गंगवार, प्रतिपाल सिंह, नीलम जेठा, राजीव कश्यप, शुभम, विवेक पटेल, बबलू पटेल, अभिषेक गुप्ता, डॉ बनवारी लाल शर्मा मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव