कांग्रेस का घोषणा पत्र: 24 घंटे में किसानों की कर्जमाफी,महिलाओं को सरकारी नौकरी में 33% आरक्षण

*सरकार बनने के बाद सबसे पहले 24 घंटे में किसानों की कर्जमाफी की जाएगी
*प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर 12 हजार रु. प्रति एकड़ मुआवजा’

चंडीगढ़/ हरियाणा- हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शुक्रवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। घोषणा पत्र में पार्टी ने समाज के हर वर्ग का ख्याल रखा है। सभी वर्गों के बीच भाईचारा कायम करना ही पार्टी की प्राथमिकता है। इसमें किसान, कर्मचारी, मजदूर, दलित, पिछड़ा वर्ग, महिलाओं, बुजुर्गों, व्यापारियों, उद्योगपतियों व आम जनता का विशेष ख्याल रखा गया है।
हरियाणा प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने कहा कि हम सत्ता में आएंगे, वचनबद्ध हैं। जो कहा है, वो पूरा करेंगे। हम काम करने में हीरो हैं लेकिन पब्लिसिटी में पीछे हैं। दूसरी पार्टियां काम में जीरो हैं परन्तु पब्लिसिटी में हीरो हैं।
घोषणा पत्र में कांग्रेस ने सरकार बनने पर 24 घंटे में कर्ज माफी का वादा किया है। भूमिहीन किसानों को भी कर्जमाफी का लाभ मिलेगा। दो एकड़ तक जमीन रखने वाले किसानों को बिजली मुफ्त देने का वादा किया गया है। प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर 12 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने का वादा किया गया है।
घोषणा पत्र में महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 33 फीसदी आरक्षण का वादा किया गया है। निजी संस्थानों में भी कांग्रेस आरक्षण देगी। पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया गया है। रोडवेज में महिलाओं को मुफ्त यात्रा कराई जाएगी। इसके लिए अलग बसें होंगी, जिनमें महिला चालक और परिचालक होंगी। शहरी निकायों में भी 50 फीसदी आरक्षण देने का वादा किया गया है। गर्भवती महिलाओं को बच्चे के जन्म तक 3500 रुपये हर माह दिए जाएंगे। उसके बाद पांच साल तक 5 हजार दिए जाएंगे।
बीपीएल महिलाओं को हर महीने 2 हजार रुपये चूल्हा खर्च दिया जाएगा। घोषणा पत्र में एससी छात्रों को वजीफा देने का वादा किया गया है। मेधावी छात्रों को दसवीं तक 12 हजार सालाना मिलेंगे। 11-12वीं के मेधावी एससी छात्रों को 15 हजार देंगे। क्रीमिलेयर सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख सालाना किया जाएगा। पुरानी पेंशन योजना लागू करने का वादा किया गया है। एससी कमीशन दोबारा बनाया जाएगा। बेरोजगार स्नातक को 7 हजार, एमए पास को 10 हजार भत्ता देंगे। प्रदेश के युवाओं को निजी उद्योगों में 75 प्रतिशत आरक्षण देंगे।
घोषणा पत्र में वादा किया गया है कि कांग्रेस की सरकार लोगों को 300 यूनिट तक प्रतिमाह बिजली मुफ्त देगी। 300 यूनिट से अधिक पर रेट आधा होगा। 5100 रुपये वृद्धावस्था पेंशन देंगे। नए मोटरवाहन कानून के तहत भारी भरकम जुर्माना वसूली के कानून में संशोधन करके उसे खत्म करेंगे। जूनियर व सीनियर खिलाड़ियों के लिए खास नीति बनाएंगे। रोडवेज किलोमीटर स्कीम खत्म करेंगे और 2000 नई बसें रोडवेज के बेड़े में शामिल करेंगे।
कांग्रेस के चंडीगढ़ कार्यालय में हुए इस कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव गुलाम नबी आजाद, राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा, कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा, सीएलपी नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, चुनाव घोषणा पत्र कमेटी की चेयरमैन किरण चौधरी व सह चेयरमैन आफताब अहमद भी मौजूद थे।
कांग्रेस के घोषणा पत्र की प्रमुख बातें
किसानों के लिए
सरकार बनने के बाद सबसे पहले 24 घंटे में किसानों की कर्जमाफी की जाएगी।
प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर 12 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजा।
युवाओं के लिए
रोजगार मिलने तक ग्रेजुएट को 7 हजार रुपए और पोस्ट ग्रेजुएट को 10 हजार रुपए मासिक भत्ता।
राज्य के हर जिले में एक यूनिवर्सिटी और एक मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा।
पहली से दसवीं कक्षा तक के दलित और पिछड़े छात्रों को 12 हजार रुपए और 11वीं कक्षा के छात्रों को 15 हजार रुपए सालाना छात्रवृति।
हर सरकारी संस्था में मुफ्त वाई-फाई जोन बनाएंगे। अध्यापक भर्ती के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
मिडिल क्लास के लिए
300 यूनिट प्रतिमाह तक घरेलू बिजली मुफ्त दी जाएगी।
300 से अधिक यूनिट प्रतिमाह पर रेट आधा किया जाएगा।
हरियाणा के सभी कर्मचारियों को पंजाब राज्य के समान वेतन और भत्ते दिए जाएंगे।
पुरानी पेंशन स्कीम की सर्वोत्तम विशेषताओं को नई पेंशन स्कीम के अंदर समाहित करके शीघ्र लागू किया जाएगा।

अनूप कुमार सैनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।