बरेली। युवक को थाने में बंद कर पीटने के मामले मे बिथरी थाना प्रभारी राजेश बाबू मिश्रा की मुसीबतें बढ़ती जा रही है। घटना की जांच शुरू हुई तो उन्होंने कहा कि वह उस वक्त थाने पर नहीं थे। ऐसे में अब यह देखा जा रहा है कि क्या जीडी में थाना प्रभारी की रवानगी है या नहीं, इसके अलावा उनकी मोबाइल लोकेशन के साथ ही थाने के सीसीटीवी खंगाले जा रहे है। जिससे यह स्पष्ट हो सके कि घटना के वक्त थाना प्रभारी कहां थे…? दूसरी ओर पीड़ित अनिल के स्वजन का आरोप है कि उनके बेटे को उस कमरे में पीटा गया जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। मंगलवार को अनिल के हाथ का दूसरा आप्रेशन भी कर दिया गया। इस मामले की जांच में जब थाना प्रभारी राजेश बाबू मिश्रा खुद को फंसते दिखे तो उन्होंने कहा कि वह घटना के वक्त थाने पर नहीं थे। ऐसे में पुलिस अब थाने की जीडी, सीसीटीवी और थाना प्रभारी की लोकेशन की जांच में जुटी है। अस्पताल में भर्ती अनिल की मां का कहना है कि डाक्टरों ने कहा है कि उनके बेटे का हाथ पूरी तरह से ठीक होने में एक से दो साल का समय लग सकता है। ऐसे में उन्होंने उसके बच्चे पालने और परिवार पर आर्थिक संकट को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को करीब ढाई घंटे तक अनिल का दूसरा आपरेशन किया गया। डाक्टरों का कहना है कि अनिल की दूसरी सर्जरी के बाद अब दवाइयों से उसका उपचार किया जाएगा। ऐसे में उसकी बुधवार या गुरुवार में छुट्टी की जा सकती है।।
बरेली से कपिल यादव
