अमृत भारत योजना से बदलेगा रामनगर स्टेशन का स्वरूप, डीआरएम ने परखी तैयारियां

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की डीआरएम वीणा सिन्हा ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ इज्जतनगर–रामनगर रेलखंड का निरीक्षण किया। विंडो ट्रेलिंग के जरिए उन्होंने रास्ते में पड़ने वाले स्टेशनों की संरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और चल रहे निर्माण कार्यों को देखा। जहां भी जरूरत महसूस हुई, वहां अधिकारियों को जरूरी सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीआरएम पंतनगर रेलवे स्टेशन भी पहुंची। उन्होंने स्टेशन परिसर का दौरा कर सफाई व्यवस्था देखी और यात्रियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्टेशन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया। इसके बाद डीआरएम अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तैयार हो रहे रामनगर रेलवे स्टेशन पहुंचीं। यहां उन्होंने आधुनिक प्रतीक्षालय, नया आरक्षण भवन, दिव्यांग सहायता केंद्र, स्टेशन पैनल कक्ष और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। रामनगर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास लगभग पूरा होने की ओर है। स्टेशन पर आधुनिक प्रतीक्षालय, नए टॉयलेट, आकर्षक भवन, ऊंचे प्लेटफॉर्म, नया आरक्षण भवन, जीआरपी पोस्ट, बेहतर सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश और निकास द्वार, बेहतर जल निकासी, प्लेटफॉर्म शेल्टर, एलईडी लाइटिंग, आधुनिक साइनेज और पर्याप्त पार्किंग जैसी सुविधाएं तैयार की गई हैं। स्टेशन पर दिव्यांग यात्रियों के लिए टैक्टाइल पाथ, आसान टिकट काउंटर, रैंप, दिव्यांग-अनुकूल शौचालय, आरक्षित पार्किंग, पेयजल बूथ और सहायता केंद्र भी बनाए गए हैं, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो। स्टेशन परिसर में लगाए गए हाथी और बाघ की आकर्षक प्रतिमाएं लोगों का ध्यान खींच रही हैं। यह स्थान अब यात्रियों और पर्यटकों के लिए सेल्फी प्वाइंट बनता जा रहा है। डीआरएम वीणा सिन्हा ने अधिकारियों से कहा कि बाकी बचे काम तय समय के भीतर पूरे किए जाएं और निर्माण की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक रेलवे स्टेशन मिल सके।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *