बरेली। सिख धर्म के छठवें गुरु श्री गुरु हरिगोबिंद साहिब जी के प्रकाश पर्व और श्री अकाल तख्त के खालसा साजना दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को इज्जतनगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा में विशेष धार्मिक समागम आयोजित किया गया। रविवार सुबह श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के बाद बच्चों ने कीर्तन प्रस्तुत किया। इसके बाद गुरुद्वारा सुभाष नगर से पहुंचे गुलाब सिंह ने गुरुबाणी का कीर्तन कर संगत को निहाल किया। समागम के समापन पर गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मुख्य सेवादार राजेंद्र सिंह सोनू, भूपेंद्र सिंह, गुरजीत सिंह रोमी, दिलदार सिंह, हरपाल सिंह, अरविंदर सिंह सहित अनेक संगतजन मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
