संपर्क पोर्टल और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

राजस्थान/ बाड़मेर –  जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा आमजन से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करे तथा निर्धारित समय सीमा में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करे।

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने पात्र रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को अधिकाधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने तथा ऋण वितरण एवं पुनर्भुगतान की प्रगति में तेजी लाने को कहा। उन्होंने योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के भी निर्देश दिए।

उन्होने राईजिंग राजस्थान के तहत जिले में प्राप्त निवेश प्रस्तावों एवं औद्योगिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निवेशकों के प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निवेशकों को आवश्यक विभागीय स्वीकृतियां समय पर उपलब्ध कराई जाएं ताकि जिले में औद्योगिक विकास को गति मिल सके और रोजगार के नए अवसर सृजित हों। उन्होने बैठक में पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा की। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप सभी गतिविधियों का प्रभावी संचालन किया जाए तथा कार्यक्रम के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने के लिए विभागों के बीच समन्वय बनाए रखा जाए। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के अंतर्गत स्वीकृत विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को निर्माण एवं विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। कर्मभूमि से मातृभूमि योजना की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने अधिकारियों को प्रवासी जनों की सहभागिता से विकास कार्यों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत प्राप्त प्रस्तावों का समय पर परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाए ताकि जिले के विकास में प्रवासी नागरिकों का योगदान सुनिश्चित हो सके।

अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने बैठक में राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों की विभागवार समीक्षा की गई। उन्होने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का समाधान तथ्यों के आधार पर किया जाए तथा अनावश्यक रूप से कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रखा जाए। लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक के अंत में जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने सभी विभागीय अधिकारियों से कहा कि वे जनहित के कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक योजना की नियमित मॉनिटरिंग कर अपेक्षित परिणाम प्राप्त करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं एवं विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी, नगर विकास न्यास के सचिव अशोक कुमार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वांकाराम चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कमलेश चौधरी, जिला रसद अधिकारी हजारीलाल आलोरिया, जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत, जिला शिक्षा अधिकारी उदाराम, जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक दुष्यंत पटेल, नगर परिषद के अधिशाषी अभियंता अखाराम पंवार समेत समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *