शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

राजस्थान/बाड़मेर – बाड़मेर नगर परिषद क्षेत्र में प्रथम चरण के तहत नौ सितंबर को होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी चिन्मयी गोपाल एवं पुलिस अधीक्षक ने अति संवेदनशील एवं संवेदनशील मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल एवं पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने बाड़मेर नगर परिषद क्षेत्र में संस्कृत विद्यालय इंदिरा नगर, मोड़ली भाखरी, सरस्वती विद्या मंदिर, रेलवे कुआं नंबर तीन , गांधी चौक एवं रामूबाई विद्यालय मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्त मतदान केन्द्रों पर शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के पुख्ता के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक ने इस दौरान मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, ईवीएम की स्थिति, मतदाता सुविधाओं और कानून-व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पेयजल, शेड, रैंप, शौचालय और दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्था की जांच की। उन्होंने कार्मिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदान दिवस पर कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने बताया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने मतदान केंद्रों के आसपास किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर नजर रखने और आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान बाड़मेर ग्रामीण तहसीलदार महेन्द्र कुमार जांगिड़,सुमेर सिंह चारण, पुलिस उप अधीक्षक बुद्धाराम विश्नोई समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इधर, जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना मतदाता पहचान पत्र या वैकल्पिक फोटो पहचान पत्र लेकर मतदान केंद्र पहुंचें और शांतिपूर्ण वातावरण में अपना मताधिकार का प्रयोग करें। बाड़मेर नगर परिषद क्षेत्र में प्रथम चरण के तहत 9 सितंबर को प्रातः7 से सांय 6 बजे तक मतदान होगा।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *