बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए शनिवार को थाना सीबीगंज और बारादरी क्षेत्र में दो स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की। बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कराए जाने पर यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के तहत की गई। बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार का कहना है कि प्रवर्तन टीम ने गांव जौहरपुर, रामपुर रोड स्थित नायत जिम के पास रूपाली शर्मा द्वारा करीब 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बन रहे प्रथम और द्वितीय तल के निर्माण को सील कर दिया। वही डोहरा में रक्षपाल गुप्ता द्वारा करीब 320 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनाए जा रहे चार भवनों को भी सील कर दिया गया। उन्होंने कहा है कि प्राधिकरण की स्वीकृति के बिना किए जा रहे किसी भी निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नही बरती जाएगी। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय का कहना है कि आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूखंड या भवन की खरीदारी से पहले विक्रेता से मानचित्र स्वीकृति संबंधी अभिलेख अवश्य देखें और यह सुनिश्चित करें कि संपत्ति विकास प्राधिकरण से विधिवत स्वीकृत है, अन्यथा भविष्य में कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।।
बरेली से कपिल यादव
