बरेली। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभारी) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना के नेतृत्व मे इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) बरेली के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अस्पतालों के पंजीकरण की अवधि 5 साल तक करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल ने अस्पतालों से जुड़े कई मुद्दों और स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में आईएमए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शरद अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव गोयल, प्रदेश अध्यक्ष 2026-27 डॉ. रविश अग्रवाल, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक अभय मणि त्रिपाठी और आईएमए लखनऊ की सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव शामिल रहीं। प्रतिनिधिमंडल ने अस्पतालों के पंजीकरण की अवधि एक वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष किए जाने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। इसके साथ ही प्रदूषण संबंधी पंजीकरण की अवधि भी एक वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष किए जाने को चिकित्सा संस्थानों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। आईएमए पदाधिकारियों ने कहा कि इन फैसलों से अस्पताल संचालकों को बार-बार होने वाली कागजी प्रक्रिया से राहत मिलेगी और चिकित्सा सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कुछ अस्पतालों के लंबित आयुष्मान भुगतान का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के सामने रखा। आईएमए ने लंबित भुगतान जल्द जारी कराने का अनुरोध किया, ताकि अस्पतालों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े और आयुष्मान योजना के तहत मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था प्रभावित न हो। प्रतिनिधिमंडल ने आईएमए की ओर से आयोजित किए जाने वाले प्रदेश स्तरीय चिकित्सक सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित भी किया। इस दौरान आईएमए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शरद अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव गोयल, प्रदेश अध्यक्ष 2026-27 डॉ. रविश अग्रवाल, भाजपा संयोजक चिकित्सा प्रकोष्ठ अभय मणि त्रिपाठी, आईएमए लखनऊ सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।।
बरेली से कपिल यादव
