*गैप असेसमेंट का लग सकेगा ठीक ठीक पता
*एईएस से ठीक हुए पांच बच्चों का होगा चुनाव
मुजफ्फरपुर/बिहार- एईएस के लिए निचले स्तर तक बनाई गयी व्यवस्था ठीक ढंग से काम कर रही है या नहीं इसके लिए गैप असेसमेंट करना होगा। इसके लिए मार्च अप्रैल में एईएस से ठीक हुए पांच बच्चों का चुनाव किया जाए। उसके घर जाकर बच्चों के अभिभावकों से पिछले साल बनाए गए प्रश्नोत्तरी पर सवाल पूछे जाएं। ये बातें शनिवार को जिला स्तरीय कोर कमिटी की बैठक में जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने कही। उन्होंने कहा कि एक बार विजिट के दौरान ही पूरे सवाल पूछ लिए जाएं। जिससे चमकी के लिए बनाए गए सिस्टम का गैप असेस्मेंट सही से हो जाए। जिससे कमी को पूरा किया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि क्वेश्चनियर के दौरान चमकी होने का समय, चमकी के बारे में समझ, चमकी होने पर रिस्पांस टाइम सहित अन्य चीजों को भी पूछा जाए। एईएस से अधिक प्रभावित इलाकों के जवाब में जिला भीबीडीसी पदाधिकारी डॉ सतीश कुमार ने कहा एईएस के लिए अभी तक कोई एक विशेष पॉकेट नहीं मिला है, विभाग का ध्यान सभी क्षेत्रों पर बराबर रूप से है। प्रतिदिन सभी पीएचसी में इवनिंग ब्रीफिंग के दौरान एईएस का गैप असेसमेंट किया जाता है। सोमवार से घर घर जाकर हैंड बिल को पढकर गृहस्वामी को वितरीत किया जाएगा। 3161 स्कूल में बच्चे को प्रार्थना के समय एईएस/जेई के संबंध में जागरूक किया जा रहा है, यह कार्य 3000 कार्ड के माध्यम से कराया जा रहा है। साथ ही आँगनबाड़ी केन्द्रों पर बच्चों और अभिभावकों को 5500 कार्ड की मदद से जागरूक किया जा रहा है। जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी के द्वारा 270 पंचायतों को गोद लिया गया है, जिसमें एईएस की जागरूकता से संबधित गतिविधियाँ यथा-रात्रि चौपाल, सामुदायिक बैठक की जा रही है। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग, आइसीडीएस तथा जीविका से उनके द्वारा एईएस में किए जा रहे सहयोग के बारे में पूछा तथा इसे नियमित तौर पर अभी करने को कहा।
आशा और आंगनबाड़ी को बांटे जाएगें एईएस किट:
बैठक के दौरान डीपीएम रेहान अशरफ ने कहा कि जल्द ही 3810 आशा और 5536 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एईएस किट उपलब्ध कराए जाएगें। किट में 20 ओआरएस के पैकेटए पारासीटामोल के सीरप और एक स्ट्रिप टैबलेट भी होगा। वितरण का कार्य पीएचसी स्तर से हो रहा है। वाहन टैगिंग में अभी तक 1871 वाहनों एवं 20 निजी एम्बुलेंस का टैगिंग किया गया है। बैठक के दौरान जिलाधिकारी प्रणव कुमार, जिला भीबीडीसी पदाधिकारी डॉ सतीश कुमार, डीपीएम रेहान अशरफ, भीबीडीसी प्रीतिकेश कुमार, जीविका एवम आईसीडीएस प्रतिनिधि, केयर डीटीएल मुकेश कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
– बिहार से नसीम रब्बानी
