बाड़मेर शहर में अवैध जल कनेक्शनों को हटाने का चलेगा महाअभियान

बाड़मेर/राजस्थान- बाड़मेर शहर में अवैध जल कनेक्शनों के विरुद्ध जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग पीएचईडी द्वारा विशेष अभियान चलाएगा। विभाग ने ऐसे उपभोक्ताओं को सात दिन के भीतर अपने जल कनेक्शन नियमित कराने अथवा अवैध कनेक्शन हटाने की चेतावनी दी है। निर्धारित अवधि के बाद अवैध जलापूर्ति कनेक्शनों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

अधिशाषी अभियंता जयरामदास ने बताया कि बाड़मेर शहर में लगभग 70 हजार घर हैं, जबकि विभाग के पास केवल 34 हजार पेयजल कनेक्शन ही पंजीकृत हैं। विभागीय सर्वे के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कई अवैध जल कनेक्शन चिन्हित किए गए हैं। ऐसे में सभी उपभोक्ताओं से नियमों की पालना करने की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में विभाग की ओर से अवैध जल कनेक्शनों की पहचान कर उन्हें काटने की कार्रवाई की जाएगी। जिन लोगों के पास वैध जल कनेक्शन नहीं है, वे नियमानुसार आवेदन कर अधिकृत कनेक्शन प्राप्त करें।

उन्होंने नागरिकों से सभी जल कनेक्शनों पर टोंटी अथवा टेप अनिवार्य रूप से लगाने, पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकने तथा जल संरक्षण में सहयोग करने का भी आग्रह किया है। साथ ही विभागीय कार्रवाई में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं करने की अपील की गई है। पेयजल संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। उपभोक्ता किसी भी समस्या के लिए 02982-220610 पर संपर्क कर सकते हैं।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *