राजस्थान/बाड़मेर- एएनटीएफ चौकी प्रभारी महिपाल सिंह बाड़मेर की टीम ने जालोर जिले के चितलवाना थाना क्षेत्र स्थित जानियों की ढाणी में बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, रसायन एवं एक पिकअप वाहन सहित भारी मात्रा में सामान जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान 5.18 ग्राम एमडी मादक पदार्थ बरामद किया गया तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
एएनटीएफ टीम ने मौके से इलेक्ट्रिक कांटा, इलेक्ट्रिक चूल्हा, टेप के बंडल, बाल्टी, स्टील का भगोना, कार फ्रेशनर, एमडी छानने में प्रयुक्त छलनी, चाकू, बड़ा फ्रिज, विभिन्न जरीकेन एवं ड्रमों में भरे रासायनिक तरल पदार्थ, मोटर मिक्सर एवं उनके पार्ट्स सहित ड्रग्स निर्माण में उपयोग होने वाला अन्य सामान बरामद किया। इसके अलावा एमडी जैसी तीव्र गंध वाले घोल से युक्त एक खाली ड्रम और एक पिकअप वाहन जब्त किया गया।कार्रवाई के दौरान मनोहरलाल पुत्र मोहनलाल निवासी जानियों की ढाणी, थाना चितलवाना, जिला जालोर को दस्तयाब किया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया की जब्त सामग्री एवं रसायनों की जांच कर इनके स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जाँच पड़ताल की जा रही है। कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट मानी जा रही है।
— राजस्थान से राजूचारण
