बिशारतगंज, बरेली। पुराना बाजार स्थित प्रकाश मोबाइल शॉप में रविवार शाम अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। आसपास के दुकानदारों और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। नूरपुर गांव निवासी शिवदयाल के बेटे प्रकाश वीर ने बताया कि वह रोज की तरह शाम को अपनी मोबाइल की दुकान बंद कर घर चला गया था। घर पहुंचने के कुछ देर बाद उसे दुकान मे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वह आनन-फानन में दुकान की ओर रवाना हुआ, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही आसपास के लोगों ने प्रयास कर आग पर काबू पा लिया था। प्रकाश वीर के अनुसार दुकान में रखे इनवर्टर और बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की आशंका है। आग से दुकान में रखे मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य सामग्री के जलने से लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। हालांकि आग पर समय रहते काबू पा लिए जाने से आसपास की अन्य दुकानों को नुकसान होने से बच गया। घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुकान का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आग लगने के कारणों और नुकसान का जायजा लिया।।
बरेली से कपिल यादव
