बवाल मे आठ नामजद, 25 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज, विहिप-बजरंग दल ने भी लगाए आरोप

अलीगंज, बरेली। जनपद के थाना अलीगंज क्षेत्र के ग्राम भजनई के सामने सिरौली-अलीगंज मुख्य मार्ग पर मृत गोवंश के अंतिम संस्कार को लेकर सोमवार रात हुए विवाद के मामले मे पुलिस ने ग्राम प्रधान पक्ष की तहरीर पर आठ नामजद समेत करीब 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने भी ग्राम प्रधान पक्ष पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। दोनों पक्षों के आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है। ग्राम प्रधान पुत्र भूपकिशोर की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि गांव में मृत पशुओं को वर्षों से सड़क किनारे खाली स्थान पर दफनाया जाता रहा है। हाल में एक गोवंश की मौत के बाद शव को सड़क किनारे खाई मे डाल दिया गया था। बारिश के चलते खाई में पानी भरने से शव ऊपर आने लगा और दुर्गंध फैलने लगी। जानकारी होने पर ग्राम प्रधान व अधिकारियों के निर्देश पर जेसीबी से गड्ढा खोदकर शव को दफनाने की प्रक्रिया शुरू कराई गई। आरोप है कि इसी दौरान अलीगंज के हर्ष गुप्ता, ऋतिक गुप्ता, नवीन ठाकुर, विकास शर्मा, सचिन शर्मा, प्रदीप गुप्ता, हिमांशु और अमन शर्मा करीब 20-25 अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने जेसीबी का काम रुकवाकर सिरौली अलीगंज मार्ग पर जाम लगा दिया। तहरीर मे 25 हजार रुपये मांगने तथा रुपये न देने पर अंतिम संस्कार नही होने देने का आरोप लगाया गया है। विरोध करने पर लाठी डंडों से बलवा करने की धमकी देने की बात भी कही गई है। वही विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि 14 सितंबर को उन्हें गोवंश के संदिग्ध परिस्थितियों मे मृत पड़े होने की सूचना मिली थी। उन्होंने पुलिस, पशु चिकित्सा अधिकारी, एसडीएम आंवला, सीओ आंवला, बीडीओ मझगवां और ग्राम प्रधान को सूचना देकर पंचनामा कर हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कराने की मांग की थी। आरोप है कि ग्राम प्रधान पक्ष ने उन्हें मौके से हटने और विरोध करने पर मुकदमे मे फंसाने की धमकी दी। सीओ हेमंत उपाध्याय ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *