भमोरा, बरेली। सिरोही गांव मे मंगलवार को चकरोड किनारे खेत में शीशम के पेड़ पर दुपट्टे के फंदे से 22 वर्षीय युवक का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई मदनपाल ने प्रेम प्रसंग के विवाद में दो लोगों पर हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सिरोही निवासी मदनपाल ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे चचेरे भाई ने सूचना दी कि गांव के पूर्व दिशा में चकरोड किनारे अली अहमद के खेत मे शीशम के पेड़ पर उनके छोटे भाई मुरारी पुत्र रामदास (22) का शव दुपट्टे के फंदे से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। मुरारी आठ भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। मदनपाल का आरोप है कि गांव में मुरारी का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दो दिन पूर्व युवती घर से गायब हो गई थी, जिसे परिवार के लोगों ने तलाश कर बरामद किया था। इसी बात को लेकर युवती के पिता और पुत्र भाई मुरारी से रंजिश मानने लगे थे। आरोप है कि दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। मदनपाल ने आशंका जताई कि इन्हीं दोनों ने मुरारी की हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया। परिवार में मंगलवार को मदनपाल के घर पुत्र का नामकरण संस्कार होना था। लेकिन मुरारी की मौत की खबर मिलते ही खुशियां मातम में बदल गई। पिता रामदास, मां रामप्यारी और सभी भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल था।।
बरेली से कपिल यादव
