बरेली। थाना प्रेमनगर की त्रिवटीनाथ बीडीए कॉलोनी मे तीन बदमाशों ने रिटायर्ड बैंक मैनेजर के परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की। इस दौरान बदमाशों ने बैंक मैनेजर की पत्नी हाथ, पैर, मुंह और गला चुन्नी से बांध दिया। एसपी सिटी राहुल भाटी ने डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम के साथ जांच पड़ताल कर घटना के खुलासे के लिए टीमें लगा दी हैं। प्रेमनगर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। त्रिवटीनाथ मंदिर के ठीक पीछे बीडीए कॉलोनी में रिटायर्ड बैंक मैनेजर राजेश्वर दयाल सिंह अपनी पत्नी माया देवी और बेटे मनीष सिंह के साथ रहते हैं। कई साल पहले हुए हादसे के चलते मनीष चलने-फिरने और देखने में अक्षम हैं। माया देवी भी बुजुर्ग हैं और बीमार रहती हैं। राजेश्वर दयाल ने बताया कि गुरुवार रात वह तीसरी मंजिल पर सो रहे थे। दूसरी मंजिल पर उनकी पत्नी और बेटा सो रहे थे। शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह तीसरी मंजिल से नीचे आए तो देखा कि मेन गेट का लॉक खुला है और दूसरी मंजिल के दरवाजे का कुंडा बाहर से लगा था। वह दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे तो देखा तो पत्नी बेड पर बंधी पड़ी थीं। अलमारी और लॉकर खुले थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। पत्नी को खोलने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इस पर सीओ श्वेता यादव और इंस्पेक्टर प्रेमनगर राजेश सिंह मौके पर पहुंचे। कुछ समय बाद एसपी सिटी राहुल भाटी और एएसपी विक्रम दहिया भी वहां पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से घटना की जांच पड़ताल की गई। राजेश्वर सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी घटना के बाद से दहशत में हैं। उनकी हालत में सुधार होने के बाद ही यह पता लग सकता है कि बदमाश क्या सामान लेकर गए हैं। पास के एक सीसीटीवी कैमरे से उनके घर से तीन बदमाशों के निकलने की पुष्टि हुई है। एसओजी और प्रेमनगर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।।
बरेली से कपिल यादव
