पुलिस मुठभेड़ मे 2 बदमाश दबोचे, एक बदमाश के दाहिने पैर मे लगी गोली

मीरगंज, बरेली। दुलीराम इंटर कॉलेज के पास बाइक सवार युवक से बैग झपटकर फरार हुए बदमाशों को मीरगंज पुलिस ने बुधवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, छिनैती के 9,500 रुपये, वारदात में प्रयुक्त बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, रम्पुरा जाटान निवासी निर्देव कुमार 29 जुलाई की रात बाइक से जनसेवा केंद्र से घर लौट रहे थे। रात 9:30 बजे दुलीराम इंटर कॉलेज के पास मोड़ पर पीछे से बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और कंधे पर टंगा रुपया के बैग पर झपट्टा मारकर फरार हो गए। मामले में मीरगंज पुलिस छानबीन में लगी थी। इसी क्रम में बुधवार की रात मीरगंज पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बलूपुरा चौराहे के पास दो संदिग्ध बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाब में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश समेत उसके साथी को मौके से दबोच लिया। पूछताछ में घायल आरोपी ने अपना नाम रवि निवासी मोहल्ला शिवपुरी, थाना मीरगंज बताया, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान विक्की पुत्र मूलचंद निवासी मोहल्ला मालीपुरा, थाना मीरगंज के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक दोनों ने 29 जुलाई को दुलीराम इंटर कॉलेज के पास निर्देव कुमार से बैग झपटने की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है।। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और वारदात में शामिल अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *