पत्नी से विवाद, शराब के नशे मे धुत युवक ने घर में लगाई आग

भोजीपुरा, बरेली। पत्नी से विवाद होने पर शराब के नशे मे धुत युवक ने अपने ही घर में आग लगा दी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और तमाम सामान जलकर खाक हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सागलपुर निवासी अरविंद का सोमवार शाम करीब 5:00 बजे अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि अरविंद उस समय शराब के नशे में था। पत्नी के विवाद के चलते आक्रोशित होकर अरविंद ने घर के सामान में आग लगा दी। पत्नी ने चीखपुकार मचाई तो आसपास के लोग दौड़े। मगर आग तब तक विकराल रूप ले चुकी थी और लपटें व धुएं का गुबार उठता देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। सूचना पर भोजीपुरा पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। परिवार वालों ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि घर का सारा कीमती सामान जलकर खाक हो गया। इसमेंअलमारी, एक वाशिंग मशीन, दो डबल बेड, घर में रखे महंगे कपड़े, सोने-चांदी के जेवर, नगदी के अलावा एक मोटरसाइकिल और एक साइकिल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए हैं। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और आरोपी पति के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *