निरीक्षण मे खुली परिषदीय विद्यालयों की पोल, शौचालय में मिलीं कांच की बोतलें

बरेली/मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी। सरकारी विद्यालयों में शिक्षा और व्यवस्थाओं की हकीकत बुधवार को एसडीएम निधि शुक्ला के औचक निरीक्षण में सामने आ गई। दोपहर उन्होंने कंपोजिट विद्यालय गोरा लोकनाथपुर और करमपुर का निरीक्षण किया। दोनों विद्यालयों की निरीक्षण आख्या डीएम, एडीएम (प्रशासन) और बीएसए को भेजी गई है। गोरालोकनाथपुर में साफ-सफाई और शौचालयों की स्थिति संतोषजनक मिली। प्रधान अध्यापक सर्वेश कुमार गंगवार सहित सात शिक्षक, जिनमें चार शिक्षामित्र है, उपस्थित मिले। हालांकि पढ़ाई की स्थिति कमजोर मिली। कक्षा एक के 21 बच्चों में केवल चार अक्षर पहचान सके। कक्षा दो-तीन के 25 बच्चों में नौ जोड़ नहीं कर सके। कक्षा पांच के नौ बच्चों में चार हिंदी पढ़ने में असमर्थ मिले। रसोई सामान्य थी, लेकिन सफाई बेहतर करने के निर्देश दिए गए। बच्चों ने बताया कि फरवरी से उन्हें दूध नही दिया गया। कंपोजिट विद्यालय करमपुर में प्रधान अध्यापक प्रदीप कुमार सहित सात शिक्षक, जिनमें तीन शिक्षामित्र है, उपस्थित मिले। परिसर में जगह-जगह गंदगी, शौचालय में कांच की बोतलें और जानवरों का गोबर मिला। शौचालय को जाने वाला रास्ता ठीक नही था। पानी की व्यवस्था नहीं थी और बच्चों के लिए लगा कम्बोट टूटा था और नीचे गिरा था। रसोई में भी पर्याप्त सफाई नहीं मिली और गंदगी के बीच भोजन तैयार हो रहा था। बुधवार को मिड डे मील में बनी तहरी की गुणवत्ता भी असंतोषजनक मिली। एसडीएम ने कक्षा पांच और आठ के बच्चों से कक्षा व उससे नीचे के स्तर के सवाल पूछे, जिनका कई बच्चे जवाब नहीं दे सके। कई कार्य पुस्तिकाएं भी अधूरी मिलीं। उन्होंने कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान देने और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों का उपयोग करने के निर्देश दिए। निरीक्षण आख्या में नियमित विभागीय निरीक्षण की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठे हैं। एसडीएम ने दोनों विद्यालयों की रिपोर्ट उच्बाधिकारियों को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई की संस्तुति की है। शेरगढ़ मे छात्रावास में छात्राओं से किया संवाद : कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का एसडीएम बहेड़ी गोपाल शर्मा ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से बात की और पढ़ाई का स्तर देखा। बुधवार को शेरगढ़ पहुंचे एसडीएम ने रसोई घर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने राशन और कच्ची सामग्री देखी। छात्राओं से पढ़ाई को लेकर संवाद किया छात्राओं को मिलने वाली पाठ्य पुस्तके, शिक्षण कार्य, साफ सफाई, अभिलेखों का रखरखाव, कंप्यूटर सिस्टम, स्मार्ट क्लास, शौचालय आदि को भी देखा। छात्राओं के नवीन छात्रावास में कक्षा-कक्षों और बाउंड्रीवाल का निर्माण किया जा रहा है। वार्डन ने इस कार्य को एक माह में पूरा होने की जानकारी एसडीएम को दी। उन्होंने विद्यालय में चल रही सत्र परीक्षा का जायजा लिया और वार्डन सीमा यादव से परीक्षा पर चर्चा की। छात्रावास में 200 छात्राएं रह रही है। भुता के कस्तूरबा मे गंदे शौचालय देखकर एसडीएम ने जताई नाराजगी : ब्लॉक भुता के ग्राम फैजनगर में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का एसडीएम फरीदपुर ने औचक निरीक्षण के दौरान आवासीय व्यवस्था, भोजन, पेयजल, साफ सफाई को देखा। शौचालय में गंदगी को देखकर कड़ी नाराज की जतायी। बुधवार को एसडीएम विदुषी सिंह ने विद्यालय में छात्राओं की उपस्थिति, आवासीय व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को देखा। शौचालयों में गंदगी को देखकर नाराजगी जतायी। विद्यालय में नये शौचालय बन रहे उनके लिए जल्द निर्माण पूरा किये जाने के निर्देशित दिए। छात्राओं से पढ़ाई एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में वार्ता कर जानकारी की। छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का जायजा भी लिया। विद्यालय के रख-रखाव, विद्युत व्यवस्था एवं उपस्थित व स्टॉक रजिस्टर आदि अभिलेखों की जांच की। उन्होंने वार्डन सरिता सिंह को बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने को निर्देशित किया। फतेहगंज पश्चिमी में नायव तहसीलदार ने स्कूलों का किया निरीक्षण : सरकारी विद्यालयों में शिक्षा और व्यवस्थाओं की हकीकत जानने के लिए नायब तहसीलदार सिमरन मैंथानिया ने क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय उनासी, मनकरी चिटौली सहित कई विद्यालयों का निरीक्षण किया। जिसमे छात्राओं से पढ़ाई को लेकर संवाद किया छात्राओं को मिलने वाली पाठ्य पुस्तके, शिक्षण कार्य, साफ सफाई, अभिलेखों का रखरखाव, कंप्यूटर सिस्टम, स्मार्ट क्लास, शौचालय आदि को भी देखा। स्कूलों में साफ सफाई की निर्देश दिए।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *