राजस्थान/बाड़मेर- राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार बाड़मेर नगर परिषद में सभापति एवं नगर पालिका चौहटन के अध्यक्ष का चुनाव 21 सितंबर एवं उप सभापति एवं उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव 22 सितंबर को होगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर रवीन्द्र कुमार ने बताया कि बाड़मेर नगर परिषद एवं चौहटन नगर पालिका के अध्यक्षीय पदों के लिए लोक सूचना 15 सितंबर को जारी की जाएगी। नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर एवं नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर को की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थिता वापिस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर है और इसी दिवस अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापिस ली जा सकेगी। चुनाव चिन्हों का आवंटन 18 सितंबर को अभ्यर्थिता वापिस लेने के समय समाप्ति के उपरांत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अध्यक्षीय पदों के लिए मतदान 21 सितंबर को होगा। मतदान का समय प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक रहेगा। मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात इसी दिवस मतगणना की जाएगी।
इसी तरह उपाध्यक्षीय पदों के लिए निर्वाचन 22 सितंबर को होगा। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बैठक प्रातः 10 बजे प्रारंभ होगी। नामांकन पत्र प्रातः 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे एवं नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः11ः30 बजे से होगी। अभ्यर्थिता वापिस लेने का समय अपराह्न 2 बजे तक रहेगा। यदि आवश्यक हुआ तो अपराह्न 2ः30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा एवं मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।
— राजस्थान से राजूचारण
